सीएम योगी की खास अपील, लाइक-व्यूज की दौड़ में जान जोखिम में न डालें युवा, ‘रील’ और रियल लाइफ के बीच अंतर समझें
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं को संबोधित करते हुए एक भावनात्मक संदेश जारी किया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 04 May 2026 11:50:58 AM (IST)Updated Date: Mon, 04 May 2026 11:55:15 AM (IST)
HighLights
- सेल्फी लेना एक खतरनाक ट्रेंड बनता जा रहा
- बढ़ते हादसे इस खतरे की गंभीरता को दर्शाते हैं
- अभिभावकों से भी सीएम योगी ने की अपील
नईदुनिया न्यूज नेटवर्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं को संबोधित करते हुए एक भावनात्मक संदेश जारी किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच खतरनाक स्टंट और जोखिम भरे वीडियो बनाने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई है।
मुख्यमंत्री ने यह अपील एक ‘पाती’ (खुला पत्र) के माध्यम से की, जिसे उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी साझा किया।
सेल्फी लेना एक खतरनाक ट्रेंड बनता जा रहा
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि आजकल कई युवा लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। तेज रफ्तार बाइक और कारों पर स्टंट करना, रेलवे ट्रैक या ट्रेन के दरवाजों पर लटककर वीडियो बनाना तथा ऊंची इमारतों, पुलों, पहाड़ों और पानी की टंकियों पर खतरनाक सेल्फी लेना एक खतरनाक ट्रेंड बनता जा रहा है।
बढ़ते हादसे इस खतरे की गंभीरता को दर्शाते हैं
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां न केवल युवाओं के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं, बल्कि उनके परिवारों और चाहने वालों के सपनों को भी पलभर में तोड़ सकती हैं। हाल के दिनों में बढ़ते हादसे इस खतरे की गंभीरता को दर्शाते हैं।
‘रील’ और वास्तविक जीवन के बीच अंतर समझें
सीएम योगी ने युवाओं से अपील की कि वे ‘रील’ और वास्तविक जीवन के बीच अंतर समझें और सिर्फ सोशल मीडिया की लोकप्रियता के लिए अपनी जिंदगी को दांव पर न लगाएं। इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों को भी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
अभिभावकों से भी सीएम योगी ने की अपील
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग ज्ञान और सकारात्मक अभिव्यक्ति के लिए होना चाहिए। अभिभावकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके बच्चे समय का सही उपयोग करें और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लें।
मुख्यमंत्री का यह संदेश ऐसे समय में आया है, जब सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंट और वायरल वीडियो बनाने की होड़ तेजी से बढ़ रही है, जिससे युवाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।