राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी मामले में बोले सीएम योगी- जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, किसी को बख्शा नहीं जाएगा
राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि पूरे प्रकरण की विशेष जांच दल (SIT) द्वारा जांच की जा रही ह...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 19 Jun 2026 01:02:26 PM (IST)Updated Date: Fri, 19 Jun 2026 01:08:51 PM (IST)
HighLights
- बोले- एसआईटी जांच में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा
- राम मंदिर की गरिमा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा
- अयोध्या में 245 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया
डिजिटल डेस्क,अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 245 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने अयोध्या के विकास, राम मंदिर की सुरक्षा और प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं को लेकर विस्तार से बात की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अयोध्या को विश्वस्तरीय धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी के रूप में विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या आज देश-दुनिया के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन चुकी है।
दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा
हाल ही में चर्चा में आए राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित चोरी के मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रकरण की विशेष जांच दल (SIT) द्वारा जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी निष्पक्षता के साथ आगे बढ़ रही है और जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
राम मंदिर की गरिमा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल नहीं चाहते कि अयोध्या का नाम वैश्विक स्तर पर स्थापित हो और यहां विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ें।
सपा पर हमला बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन लोगों ने अतीत में रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं, वही आज सरकार को उपदेश देने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ जानती है और अयोध्या के विकास तथा राम मंदिर की गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष भी कर चुके हैं अयोध्या का दौरा
उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर के दानपात्र से जुड़ी कथित धनराशि गबन मामले के तूल पकड़ने के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य एवं राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र भी अयोध्या पहुंचकर ट्रस्ट पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जानकारी ले चुके हैं।
दानपात्रों की आय के ऑडिट में पाई गई थी गड़बड़ी
सूत्रों के मुताबिक, श्रीराम जन्मभूमि परिसर में स्थापित दानपात्रों की आय का पिछले लगभग दो सप्ताह से आंतरिक ऑडिट कराया जा रहा है। ऑडिट के दौरान यह पाया गया कि श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ने के बावजूद दान राशि में अपेक्षित वृद्धि नहीं हो रही थी। इसी असमानता ने अधिकारियों का ध्यान खींचा और मामले की गहन जांच शुरू की गई।
बताया जाता है कि बाद में निगरानी व्यवस्था और गोपनीय सूचना के आधार पर कथित गड़बड़ी का पता चला। जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि धनराशि की हेराफेरी किसी एक दिन की घटना नहीं, बल्कि लंबे समय से सुनियोजित तरीके से की जा रही थी। इसी कारण प्रारंभिक स्तर पर यह मामला पकड़ में नहीं आ सका।