
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। उत्तर प्रदेश के 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे (Ganga Expressway) पर दोपहिया, तीन पहिया वाहनों और ट्रैक्टर ट्रॉली के प्रवेश को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है। एक्सप्रेसवे का संचालन करने वाली कंपनी IRB इंफ्रा ने बताया है कि इन वाहनों के प्रवेश पर फिलहाल कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। लगातार बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए कंपनी ने सरकार से दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है।
हरदोई में 29 अप्रैल को उद्घाटन के बाद से गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वर्तमान में प्रतिदिन 18 हजार से अधिक वाहन इस मार्ग से गुजर रहे हैं। इनमें करीब 20 प्रतिशत भारी वाहन शामिल हैं।
आईआरबी इंफ्रा के सीजीएम अनूप सिंह ने बताया कि बाइक, तीन पहिया और ट्रैक्टर ट्रॉली के लिए अलग टोल दरें निर्धारित की गई हैं। चालक यदि एक्सप्रेसवे का उपयोग करते हैं, तो बाहर निकलते समय उन्हें टोल टैक्स (Toll Tax) देना होगा।
कंपनी के अनुसार यह एक्सप्रेसवे 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति के हिसाब से डिजाइन किया गया है। ऐसे में तेज रफ्तार से चलने वाले चार पहिया और भारी वाहनों के बीच दोपहिया वाहनों का सफर जोखिमभरा साबित हो सकता है। कई दुर्घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इसी कारण कंपनी सरकार से दोपहिया वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रही है।
दोपहिया वाहनों के लिए 1.28 रुपये प्रति किलोमीटर टोल निर्धारित किया गया है। मेरठ से प्रयागराज तक पूरा सफर करने पर लगभग 760 रुपये खर्च होंगे।
चारपहिया वाहनों की तरह बाइक के लिए FASTag सुविधा लागू नहीं है। बाइक सवारों को टोल प्लाजा पर UPI या डिजिटल वॉलेट से भुगतान करना होगा। पूरे एक्सप्रेसवे पर अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है। निगरानी कैमरों के जरिए ओवरस्पीडिंग पर नजर रखी जा रही है।
मेरठ से बदायूं तक पहले चरण में अमरोहा और संभल के पास रेस्ट एरिया बनाए गए हैं। यहां भोजन, पेट्रोल, शौचालय और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराई गई है। सीएनजी सुविधा भी जल्द शुरू होने की संभावना है।
बदायूं के वनकोटा में पेट्रोल पंप शुरू हो चुका है, लेकिन विश्राम गृह और पुलिस चौकी का निर्माण अभी जारी है। शाहजहांपुर के जलालाबाद क्षेत्र में विश्राम गृह, पेट्रोल पंप और रेस्तरां-ढाबा शुरू किए जा चुके हैं।
प्रयागराज के जूडापुर दांदू गांव के पास मुख्य टोल प्लाजा पर मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यहां एंबुलेंस, पैरामेडिकल स्टाफ और टॉयलेट की सुविधा दी गई है। रायबरेली क्षेत्र में सीएनजी पंप, चार्जिंग सेंटर, होटल और ढाबों की व्यवस्था भी की गई है।
शुक्रवार आधी रात से गंगा एक्सप्रेसवे पर निशुल्क यात्रा समाप्त हो गई है। अब मेरठ से प्रयागराज तक सफर करने के लिए यात्रियों को वाहन श्रेणी के अनुसार 905 रुपये से लेकर 11,265 रुपये तक टोल देना होगा।
| वाहन श्रेणी | टोल टैक्स (एक तरफ) |
|---|---|
| दो, तीन पहिया वाहन व पंजीकृत ट्रैक्टर | ₹905 |
| कार, जीप, वैन व हल्के वाहन | ₹1800 |
| हल्के कामर्शियल वाहन | ₹2840 |
| बस व ट्रक | ₹5720 |
| भारी मशीनें व मल्टी एक्सल वाहन | ₹8760 |
| ओवरसाइज वाहन | ₹11,265 |