
एजेंसी, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के हथकरघा उद्योग को नया जीवन देने और कारीगरों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से योगी सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया है। मंगलवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में हथकरघा क्लस्टर विकास योजना के तहत 2.5 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया।
'मुख्यमंत्री हथकरघा बुनकर समृद्धि योजना' के अंतर्गत राज्य सरकार ने आगामी 5 वर्षों के भीतर प्रदेशभर में 150 आधुनिक हैंडलूम क्लस्टर विकसित करने का खाका तैयार किया है। इस पहल से राज्य के 50 हजार से अधिक बुनकर सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे।
योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार, कम से कम 25 या उससे अधिक बुनकरों को एक साथ जोड़कर उन्हें एक पंजीकृत फर्म के रूप में संगठित किया जाएगा। इन क्लस्टर्स के माध्यम से बुनकरों को केवल आधुनिक उपकरण ही मुहैया नहीं कराए जाएंगे, बल्कि उन्हें आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उनके द्वारा तैयार उत्पादों के लिए बाजार (मार्केट लिंकेज) भी उपलब्ध कराया जाएगा।
कैबिनेट निर्णयों की जानकारी देते हुए हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने बताया कि हरदोई में स्थापित हो रहे 'पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क' में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने के लिए 1,950 करोड़ रुपये के व्यय प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
यह मेगा टेक्सटाइल पार्क 1,000 एकड़ के विशाल क्षेत्र में फैला होगा, जिसके निर्माण के लिए मास्टर डेवलपर कंपनी का चयन अंतिम चरणों में है। पार्क में उद्योग शुरू होने से पहले सड़क, निर्बाध बिजली आपूर्ति, लॉजिस्टिक्स, पेयजल, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्कर हॉस्टल, विशाल वेयरहाउस और कौशल विकास केंद्र जैसी बुनियादी सुविधाएं तैयार की जाएंगी। मंत्री ने बताया कि इस पार्क में उद्योग लगाने के लिए अब तक 50 से अधिक निवेशक अपनी रुचि जता चुके हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी में माता-पिता पर अत्याचार करना पड़ेगा भारी, संतान को धोना पड़ सकता है संपत्ति से हाथ