राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस में नया मोड़, वकीलों ने खोला मोर्चा, चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग
अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले (Ram Mandir donation theft case) में नया मोड़ आया है। फैजाबाद बार एसोसिएशन ने चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा और गोपा...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 02 Jul 2026 03:42:32 PM (IST)Updated Date: Thu, 02 Jul 2026 03:50:02 PM (IST)
HighLights
- थाने में तीनों पदाधिकारियों के खिलाफ शिकायत पत्र सौंपा
- मामले में आठ आरोपित पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल
- गिरफ्तार आरोपितों की कोई भी अधिवक्ता पैरवी नहीं करेगा
डिजिटल डेस्क, अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर से चढ़ावा और सोना-चांदी की कथित चोरी के मामले में जांच का दायरा बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। आठ आरोपितों की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत के बावजूद फैजाबाद बार एसोसिएशन ने मामले को अधूरा बताते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा और व्यवस्थापक गोपाल राव के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई है।
थाने पहुंचकर तीनों पदाधिकारियों के खिलाफ शिकायत पत्र सौंपा
गुरुवार को फैजाबाद बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने राम जन्मभूमि थाने पहुंचकर तीनों पदाधिकारियों के खिलाफ शिकायत पत्र सौंपा। पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए वकीलों को रिसीविंग स्लिप (पीली पर्ची) जारी की। बार एसोसिएशन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सभी जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच आवश्यक है।
आठ आरोपित पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल
एसआईटी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस पहले ही चंपत राय के पूर्व चालक रामशंकर उर्फ टिन्नू यादव समेत आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेज चुकी है। जांच में सामने आया कि टिन्नू यादव मंदिर से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता था। जांच एजेंसियों के अनुसार दानपात्रों की चाबियां भी उसके पास होने की बात सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।
वकीलों का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग
शिकायत दर्ज कराने से पहले फैजाबाद बार एसोसिएशन ने बार हॉल में बैठक की, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता जुलूस की शक्ल में राम जन्मभूमि थाने पहुंचे और तीनों ट्रस्ट पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इस दौरान वकीलों ने निष्पक्ष जांच और कथित गबन की सभी पहलुओं से पड़ताल कराने की मांग भी उठाई।
गिरफ्तार आरोपितों की कोई भी अधिवक्ता पैरवी नहीं करेगा
फैजाबाद बार एसोसिएशन ने पहले ही यह निर्णय लिया है कि चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आठों आरोपितों की ओर से कोई भी अधिवक्ता पैरवी नहीं करेगा। अब एसोसिएशन ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में शैलेन्द्र जैसवाल, राकेश मिश्रा, राजेश उपाध्याय, सूर्यनारायण सिंह, कप्तान सिंह, गिरीश तिवारी, विवेक सिंह 'बोनी', अतुल सिंह, मनमोहन सिंह, शिवदयाल, राहुल नदवंशी, तिजेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।