लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे : 20 दिनों में खत्म होगा इंतजार, 31 मार्च तक सरपट दौड़ेंगे वाहन; NHAI का बड़ा दावा
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे को अगले करीब 20 दिनों में तैयार करने का दावा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने किया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 11 Mar 2026 04:29:32 PM (IST)Updated Date: Wed, 11 Mar 2026 04:29:32 PM (IST)
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वेHighLights
- लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे 20 दिन में तैयार करने का दावा
- 63 किमी लंबा प्रोजेक्ट कई कारणों से हुआ देरी का शिकार
- एक्सप्रेस वे शुरू होते ही पांच जगहों पर टोल वसूली
डिजिटल डेस्क। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे को अगले करीब 20 दिनों में तैयार करने का दावा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने किया है। इस परियोजना को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक 31 मार्च तक एक्सप्रेस वे को वाहनों के संचालन के लिए तैयार करने की कोशिश की जा रही है। इसके बाद प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा इसका उद्घाटन किया जा सकता है।
दिक्कत और स्थानीय विरोध के कारण देरी
करीब 63 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेस वे पहले जुलाई 2025 तक पूरा होना था, लेकिन जमीन से जुड़े विवाद, रैंप निर्माण में दिक्कत और स्थानीय विरोध के कारण परियोजना की समयसीमा कई बार बढ़ानी पड़ी। अब इसे मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
फिलहाल सरोजनी नगर क्षेत्र में एलीवेटेड रोड का काम अंतिम चरण में है। यहां गर्डर लगाने और बैरिकेडिंग के साथ फिनिशिंग का काम किया जा रहा है। वहीं एक्सप्रेस वे के एंट्री और एग्जिट रैंप को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
टोल वसूली भी लागू कर दी जाएगी
एक्सप्रेस वे शुरू होते ही टोल वसूली भी लागू कर दी जाएगी। इसके लिए मीरनपुर पिनवट, खंडदेव, बनी, अमरसास गांव और आजाद नगर समेत पांच स्थानों पर टोल प्लाजा बनाए गए हैं। हालांकि अभी टोल की दरों का ऐलान नहीं किया गया है।