
एजेंसी, अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम नगरी अयोध्या में आयोजित अपनी उच्चस्तरीय बैठक के दौरान मंदिर के प्रशासनिक कामकाज को गति देने के लिए पहले मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति कर दी है। चयन समिति द्वारा प्रस्तुत तीन वरिष्ठ प्रशासनिक एवं सैन्य अधिकारियों के पैनल में से ट्रस्ट ने भारतीय वायुसेना के पूर्व अधिकारी रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम पर अंतिम मुहर लगाई।
वायुसेना की पश्चिमी कमान के प्रमुख रह चुके जितेंद्र मिश्रा के पास रक्षा एवं प्रशासनिक क्षेत्र का लंबा और वृहद अनुभव है। सैन्य सेवा के दौरान वे बेहद संवेदनशील 'ऑपरेशन सिंदूर' में भी अपनी महत्वपूर्ण और सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उनकी इसी कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए ट्रस्ट ने उन्हें मंदिर प्रबंधन की कमान सौंपी है।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अनुसार, नवनियुक्त सीईओ मंदिर के दैनिक प्रबंधन, तीर्थयात्रियों की सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था और परिसर के बाकी निर्माण कार्यों में समन्वय स्थापित करने का जिम्मा संभालेंगे। यह पहली बार है जब राम मंदिर ट्रस्ट ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुचारू बनाने के लिए सीईओ पद का सृजन कर किसी सैन्य पृष्ठभूमि के विशेषज्ञ अधिकारी को इस पद पर नियुक्त किया है।
यह भी पढ़ें- अखिलेश के आरोपों पर भाजपा का पलटवार, बोली- योगी सरकार अपराधी की जाति नहीं देखती,अपराध अनुसार करती है कार्रवाई