यूपी में सरकारी शिक्षकों के लिए शिक्षा विभाग का कड़ा फरमान, जून-जुलाई की बड़ी परीक्षाओं के चलते जिला छोड़ने पर लगी रोक
उत्तर प्रदेश में जून और जुलाई के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न बड़ी भर्ती परीक्षाओं के सफल और निष्पक्ष संचालन के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सख्त कद ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 16 May 2026 02:32:43 PM (IST)Updated Date: Sat, 16 May 2026 02:32:43 PM (IST)
यूपी में शिक्षकों के जून-जुलाई की बड़ी परीक्षाओं के चलते जिला छोड़ने पर लगी रोकडिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश में जून और जुलाई के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न बड़ी भर्ती परीक्षाओं के सफल और निष्पक्ष संचालन के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सख्त कदम उठाया है। इसके तहत माध्यमिक व बेसिक विद्यालयों के शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के गर्मी की छुट्टियों के दौरान बिना अनुमति जिला मुख्यालय छोड़ने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। कई जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआईओएस) ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने स्पष्ट किया है कि केवल आपात या अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही डीआईओएस की लिखित अनुमति के बाद कर्मचारियों को जिले से बाहर जाने की छूट मिलेगी। यदि कोई भी शिक्षक या कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति के जिला मुख्यालय छोड़ता है, तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सभी कर्मचारियों के लिए किसी भी यात्रा से पहले लिखित सूचना देना अनिवार्य कर दिया गया है।
आधा दर्जन से अधिक प्रमुख परीक्षाएं प्रस्तावित
विभाग के अनुसार, जून और जुलाई के महीनों में आधा दर्जन से अधिक प्रमुख परीक्षाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें लेखपाल मुख्य परीक्षा, सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा, बीएड प्रवेश परीक्षा, यूपी पुलिस आरक्षी नागरिक भर्ती परीक्षा, राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) प्रवक्ता भर्ती परीक्षा और यूपीटीईटी (UPTET) शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- NEET Paper Leak: कैसे 40 लाख में बिक गया मेडिकल परीक्षा का पेपर? लीक करने वाले गिरोह का सच
इन परीक्षाओं के सुचारू और पारदर्शी संपादन के लिए बड़ी संख्या में शिक्षकों व स्टाफ की ड्यूटी कक्ष निरीक्षक (इन्विजिलेटर) और अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियों में लगाई जाएगी। परीक्षाओं की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे अमले को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।