यूपी में शिक्षक भर्ती का रास्ता साफ, अगले सप्ताह लाइव होगा ई-अधियाचन पोर्टल; इतने पदों पर शुरू होगी प्रक्रिया
UP Teacher Recruitment: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को डिजिटल करने जा रहा है। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 05 Apr 2026 03:43:37 PM (IST)Updated Date: Sun, 05 Apr 2026 03:43:37 PM (IST)
UP में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में तेजी (प्रतीकात्मक फोटो)HighLights
- NIC ने पोर्टल की तकनीकी कमियां दूर कीं
- TGT-PGT और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद शामिल
- ई-अधियाचन पोर्टल अगले सप्ताह होगा लाइव
डिजिटल डेस्क: उत्तर प्रदेश के एडेड विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में शिक्षक भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने भर्ती प्रक्रिया (UP Teacher Recruitment) को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए 'ई-अधियाचन पोर्टल' की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है। उम्मीद जताई जा रही है कि यह पोर्टल अगले सप्ताह तक लाइव हो जाएगा।
अंतिम चरण में पोर्टल की टेस्टिंग
भर्तियों के लिए रिक्तियों का प्रस्ताव (अधियाचन) ऑनलाइन भेजने और प्राप्त करने के लिए विकसित इस पोर्टल का 'यूजर एक्सेप्टेंस टेस्टिंग' (UAT) सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग के बाद अब शिक्षा सेवा चयन आयोग ने भी इस पर हस्ताक्षर कर इसे दो दिन पहले कार्मिक विभाग को भेज दिया है। अब केवल कार्मिक विभाग की अंतिम स्वीकृति का इंतजार है, जिसके बाद एनआईसी (NIC) इसे सार्वजनिक कर देगा।
पारदर्शिता के लिए NIC ने दूर की कमियां
ई-अधियाचन पोर्टल के माध्यम से बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के एडेड संस्थानों में नियुक्तियां की जानी हैं। परीक्षण के दौरान पोर्टल में जो तकनीकी खामियां पाई गई थीं, उन्हें एनआईसी ने सुधार कर अंतिम रूप दे दिया है। पोर्टल लाइव होते ही संबंधित विभाग ऑनलाइन माध्यम से आयोग को रिक्तियों का ब्यौरा भेज सकेंगे, जिससे भर्ती प्रक्रिया में होने वाली देरी समाप्त होगी।
24 हजार से ज्यादा पदों पर शुरू होगी भर्ती
पोर्टल के शुरू होते ही पहले चरण में बड़े पैमाने पर रिक्तियां भरी जाएंगी। जानकारी के अनुसार, उच्च शिक्षा विभाग की ओर से असिस्टेंट प्रोफेसर और प्राचार्य के पद, जबकि माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से TGT (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक), PGT (प्रवक्ता संवर्ग), प्रधानाचार्य और संबद्ध प्राइमरी स्कूलों में सहायक अध्यापक के पदों सहित कुल 24 हजार से ज्यादा रिक्तियों का अधियाचन ऑनलाइन भेजा जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश में नई शिक्षक भर्तियों का शंखनाद हो जाएगा।