UPTET 2026: अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, एक ही दिन में आयोजित हो सकती हैं दोनों स्तर की परीक्षाएं
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSB) शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 में सम्मिलित होने वाले करीब 3.96 लाख अभ्यर्थियों को एक बड़ी राहत देने क ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 14 May 2026 03:32:06 PM (IST)Updated Date: Thu, 14 May 2026 03:32:06 PM (IST)
UPTET 2026: अभ्यर्थियों को बड़ी राहतHighLights
- आवेदन करने वाले 3.96 लाख छात्रों को दो बार सफर नहीं करना होगा
- यूपीटीईटी 2026 का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई को प्रस्तावित किया गया है
- अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखकर मास्टर प्लान तैयार कर रहा आयोग
एजेंसी, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSB) शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 में सम्मिलित होने वाले करीब 3.96 लाख अभ्यर्थियों को एक बड़ी राहत देने की तैयारी कर रहा है। आयोग की योजना है कि जिन अभ्यर्थियों ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक दोनों स्तरों के लिए आवेदन किया है, उनकी परीक्षा एक ही दिन दो अलग-अलग पालियों में आयोजित की जाए। इस कदम से परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र वाले शहर में दो बार आने-जाने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी।
आंकड़ों की नजर में परीक्षा: 16 लाख से अधिक आवेदन
शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। आयोग द्वारा कराई गई गणना के अनुसार आंकड़ों की स्थिति इस प्रकार है...
- कुल आवेदन: 16.16 लाख (अंतिम तिथि 3 मई तक)।
- प्राथमिक स्तर (केवल): लगभग 7.84 लाख अभ्यर्थी।
- उच्च प्राथमिक स्तर (केवल): लगभग 12.12 लाख अभ्यर्थी।
- दोनों स्तरों के लिए साझा आवेदन: करीब 3.96 लाख अभ्यर्थी।
आयोग की योजना: समय और धन की होगी बचत
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि चूंकि टीईटी का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई को प्रस्तावित है, इसलिए ऐसी व्यवस्था बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं जिससे अभ्यर्थियों का समय और यात्रा व्यय दोनों बच सकें। विस्तृत योजना में परीक्षा केंद्रों की संख्या, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र के साथ-साथ अभ्यर्थियों की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है। इस व्यवस्था के लागू होने पर अभ्यर्थी अपनी निर्धारित पाली में सम्मिलित होकर सुगमता से परीक्षा दे सकेंगे।