योगी सरकार की 'अभ्युदय' योजना का फिर दिखा दम, UPSC-2025 में भागीदारी भवन के 6 अभ्यर्थियों ने लहराया परचम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के मेधावी युवाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना एक बार फिर अपनी स ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 07 Mar 2026 12:51:49 PM (IST)Updated Date: Sat, 07 Mar 2026 12:52:58 PM (IST)
HighLights
- मंत्री असीम अरुण ने दी शुभकामनाएं
- चयनित अभ्यर्थियों का शानदार प्रदर्शन
- विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और आधुनिक सुविधाएं
डिजिटल डेस्क। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के मेधावी युवाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना एक बार फिर अपनी सफलता का प्रमाण दे रही है। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन की आवासीय कोचिंग और मॉक इंटरव्यू कार्यक्रम से जुड़े 6 अभ्यर्थियों ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC-2025) की परीक्षा में सफलता हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
यह उपलब्धि न केवल योगी सरकार की दूरदर्शी पहल को रेखांकित करती है, बल्कि प्रशासनिक सेवाओं में उत्तर प्रदेश के युवाओं की बढ़ती भागीदारी को भी दर्शाती है।
मंत्री असीम अरुण ने दी शुभकामनाएं
इन प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों की सफलता पर समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी चयनित उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट संकल्प है कि आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी के लिए सर्वोत्तम संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और अब वे आर्थिक सीमाओं की चिंता किए बिना बड़े लक्ष्य तय कर रहे हैं।
चयनित अभ्यर्थियों का शानदार प्रदर्शन
भागीदारी भवन के उपनिदेशक आनंद कुमार सिंह के अनुसार, आवासीय कोचिंग से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विमल कुमार ने 107वीं और विपिन देव यादव ने 316वीं रैंक हासिल की है। इसके अलावा अभ्युदय योजना के मॉक इंटरव्यू कार्यक्रम से जुड़े मानसी (444वीं रैंक), महेश जायसवाल (590वीं रैंक), अदिति सिंह (859वीं रैंक) और तनीषा सिंह (930वीं रैंक) ने भी अंतिम चयन सूची में स्थान बनाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और आधुनिक सुविधाएं
समाज कल्याण विभाग द्वारा भागीदारी भवन में संचालित इस आवासीय कोचिंग में अभ्यर्थियों को सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है। यहां विषय विशेषज्ञों के साथ-साथ अनुभवी IAS और PCS अधिकारी भी स्वयं विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हैं।
कोचिंग के दौरान अभ्यर्थियों को निःशुल्क आवास, भोजन, समृद्ध पुस्तकालय, अध्ययन सामग्री और ऑनलाइन-ऑफलाइन कक्षाओं सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे वे पूरी एकाग्रता के साथ अपनी तैयारी को मजबूत कर सकें।