यूपी में महाशिवरात्रि पर कुट्टू के आटे की पकौड़ी खाने से 70 लोगों को फूड पॉइजनिंग, 20 अस्पताल में भर्ती
UP News: महाशिवरात्रि के अवसर पर व्रत के दौरान खाया गया कुट्टू के आटे का भोजन कई परिवारों के लिए भारी पड़ गया। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की दो प्रमुख सोसायटि ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 16 Feb 2026 02:23:48 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Feb 2026 02:41:37 PM (IST)
यूपी में महाशिवरात्रि पर कुट्टू के आटे की पकौड़ी खाने से 70 लोगों को फूड पॉइजनिंग, 20 अस्पताल में भर्तीHighLights
- महाशिवरात्रि के अवसर पर व्रत के दौरान खाया
- ऑनलाइन और स्थानीय दुकानों से खरीदा था
- भर्ती हुए मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है
डिजिटल डेस्क। महाशिवरात्रि के अवसर पर व्रत के दौरान खाया गया कुट्टू के आटे का भोजन कई परिवारों के लिए भारी पड़ गया। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की दो प्रमुख सोसायटियों सुपरटेक ईकोविलेज-3 और हिमालय प्राइड में कुट्टू के आटे से बनी पकौड़ी और पूड़ी खाने के बाद 70 से अधिक लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए।
इनमें से करीब 20 लोगों की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जबकि 50 से अधिक लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
ऑनलाइन और स्थानीय दुकानों से खरीदा गया था आटा
पीड़ित परिवारों के मुताबिक, महाशिवरात्रि के मौके पर लोगों ने स्थानीय दुकानों के साथ-साथ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से भी कुट्टू का आटा खरीदा था। व्रत के दौरान इसी आटे से पकौड़ी और पूड़ी बनाई गई।
भोजन करने के एक से दो घंटे के भीतर ही कई लोगों में उल्टी, दस्त, तेज पेट दर्द, घबराहट और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने लगे। इसके बाद सोसायटियों में हड़कंप मच गया।
कई मरीज अस्पतालों में पहुंचाए गए
तबीयत बिगड़ने पर प्रभावित लोगों को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के न्यूमेड और यथार्थ अस्पताल समेत नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद इसे फूड पॉइजनिंग का मामला बताया। चिकित्सकों के अनुसार, भर्ती मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है। अन्य मरीजों को दवाएं देकर घर भेज दिया गया है।
खाद्य विभाग ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध कुट्टू के आटे के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के सटीक कारण का खुलासा हो सकेगा।
त्योहारों में बढ़ जाती है मिलावट की आशंका
विशेषज्ञों का कहना है कि महाशिवरात्रि जैसे व्रत वाले त्योहारों पर कुट्टू के आटे की मांग अचानक बढ़ जाती है। ऐसे में अधिक आपूर्ति के दबाव में मिलावट या खराब स्टोरेज की संभावना बढ़ जाती है। लंबे समय तक नमी वाली जगह पर रखा गया आटा बैक्टीरिया से संक्रमित हो सकता है, जिससे फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ जाता है।
स्वास्थ्य विभाग की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि व्रत के दौरान केवल पैक्ड और प्रमाणित ब्रांड का ही आटा खरीदें। किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और स्वयं उपचार से बचें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।