दिल्ली से ग्वालियर जा रही ताज एक्सप्रेस पर हमला, लोहे का पाइप फेंककर खिड़की तोड़ी, दंपती घायल
दिल्ली से ग्वालियर जा रही ताज एक्सप्रेस पर शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज हमला हुआ। ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 01 May 2026 03:27:36 PM (IST)Updated Date: Fri, 01 May 2026 03:29:06 PM (IST)
मथुरा स्टेशन पर ताज एक्सप्रेस की जांच करते रेलवे कर्मी।HighLights
- एक यात्री के चेहरे और कंधे पर गंभीर चोटें आईं
- होडल व कोसीकलां स्टेशनों के बीच हुआ हमला
- हमले में इस्तेमाल पाइप को कब्जे में लिया गया
डिजिटल डेस्क। दिल्ली से ग्वालियर जा रही ताज एक्सप्रेस पर शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज हमला हुआ। होडल और कोसीकलां रेलवे स्टेशनों के बीच अज्ञात व्यक्ति ने चलती ट्रेन की इमरजेंसी खिड़की पर लोहे का पाइप फेंक दिया, जिससे खिड़की का शीशा टूट गया और पाइप कोच के अंदर आ गिरा। इस घटना में एक दंपती सहित कई यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दक्षिणी दिल्ली के शक्ति विहार निवासी राजेश अग्रवाल अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे थे। सुबह करीब 8:53 बजे, होडल स्टेशन पार करने के तुरंत बाद करीब ढाई फीट लंबे और लगभग 2 इंच मोटे लोहे के पाइप से ट्रेन पर हमला किया गया।
चेहरे और कंधे पर गंभीर चोटें आईं
इस हमले में राजेश अग्रवाल के चेहरे और कंधे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी खुशबू और अन्य यात्रियों को हल्की चोटें लगीं। घटना के बाद कोच में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल यात्री को ट्रेन से उतारकर प्राथमिक उपचार दिलाया। बाद में परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए।
हमले में इस्तेमाल पाइप को कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जीआरपी मथुरा के उप निरीक्षक गौरव माल्या ने बताया कि पीड़ित की ओर से लिखित शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल पाइप को कब्जे में ले लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। रेलवे और पुलिस दोनों ही एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हैं और हमलावर की तलाश जारी है।