बरसाना के राधारानी मंदिर तक जाने वाला रोप-वे फिर शुरू, अब श्रद्धालु महज दो मिनट में पहुंच रहे मंदिर
Barsana ropeway reopens: बरसाना के ब्रह्मांचल पर्वत पर स्थित राधारानी मंदिर तक जाने वाला रोप-वे सात दिन बाद फिर से चालू हो गया है। मरम्मत कार्य पूरा ह ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 09 Feb 2026 02:33:29 PM (IST)Updated Date: Mon, 09 Feb 2026 02:33:29 PM (IST)
बरसाना के राधारानी मंदिर तक जाने वाला रोप-वे फिर शुरूHighLights
- एक फरवरी से रोप-वे की मरम्मत का कार्य शुरू कराया
- आईआईटी रुड़की की टीम ने जांच और सुधार किया
- प्रतिदिन चार से पांच हजार श्रद्धालुओं के दर्शन की व्यवस्था
डिजिटल डेस्क। बरसाना के ब्रह्मांचल पर्वत पर स्थित राधारानी मंदिर तक जाने वाला रोप-वे सात दिन बाद फिर से चालू हो गया है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद रविवार से इसका संचालन शुरू कर दिया गया। ट्रॉलियों की संख्या आधी किए जाने से अब श्रद्धालु महज दो मिनट में मंदिर तक पहुंच पा रहे हैं।
एक फरवरी से रोप-वे की मरम्मत का कार्य शुरू कराया
होली की बैठक में रोप-वे की ट्रॉलियों की संख्या कम करने के निर्देश दिए गए थे। इसके चलते एक फरवरी से रोप-वे की मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया था, जिसे सात दिन में पूरा कर लिया गया। पहले श्रद्धालुओं को मंदिर पहुंचने में करीब पांच मिनट का समय लगता था।
आईआईटी रुड़की की टीम ने जांच व सुधार किया
मरम्मत कार्य के दौरान आईआईटी रुड़की के इंजीनियरों की टीम ने रोप की ग्रीसिंग के साथ-साथ ट्रॉली, मशीन और ब्रेक सिस्टम की जांच व सुधार किया। कुल 12 में से अब छह ट्रॉलियों का संचालन किया जा रहा है, जिनमें तीन लोअर स्टेशन और तीन अपर स्टेशन पर तैनात हैं।
प्रतिदिन चार से पांच हजार श्रद्धालुओं के दर्शन की व्यवस्था
रोप-वे के इंचार्ज राहुल सिंह ने बताया कि मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद रविवार से संचालन शुरू कर दिया गया है। पहले ही दिन करीब तीन हजार श्रद्धालुओं ने रोप-वे के माध्यम से राधारानी के दर्शन किए। आने वाले समय में प्रतिदिन चार से पांच हजार श्रद्धालुओं को दर्शन कराने की व्यवस्था की जाएगी।