उत्तर प्रदेश के पांच जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी, तीन संदिग्ध हिरासत में, पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट
Bomb threats to five district courts in UP: उत्तर प्रदेश के पांच जिलों वाराणसी, अलीगढ़, मेरठ, आजमगढ़ और अमरोहा के जिला न्यायालयों को सोमवार को बम से उ ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 16 Feb 2026 01:55:50 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Feb 2026 01:57:56 PM (IST)
उत्तर प्रदेश के पांच जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी, तीन संदिग्ध हिरासत में, पूरे प्रदेश में हाई अलर्टHighLights
- वाराणसी, अलीगढ़, मेरठ, आजमगढ़, अमरोहा में मिली धमकी
- मेरठ में पुलिस ने तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है
- फिलहाल किसी भी स्थान से विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है
डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश के पांच जिलों वाराणसी, अलीगढ़, मेरठ, आजमगढ़ और अमरोहा के जिला न्यायालयों को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। एहतियातन सभी संबंधित न्यायालय परिसरों को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर जांच में जुटीं रहीं। पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
मेरठ में तीन संदिग्ध हिरासत में
मेरठ जिला एवं सत्र न्यायालय को धमकी मिलने के बाद तुरंत परिसर खाली करा लिया गया। अधिवक्ता अपने चैंबरों से बाहर आ गए और तारीख पर आए वादकारी भी लौटने लगे। किसी को भी कोर्ट परिसर के आसपास जाने की अनुमति नहीं दी गई।
एएसपी बजरंग प्रसाद और सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने गहन चेकिंग की। तलाशी के दौरान परिसर में घूम रहे तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर सिविल लाइन थाने भेजा गया।
दो दिन पहले भी आया था धमकी भरा मेल
सूत्रों के अनुसार, दो दिन पूर्व भी जिला जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ था, जिसमें जज और अधिवक्ताओं को निशाना बनाने की बात कही गई थी। एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि ईमेल की जांच साइबर टीम द्वारा की जा रही है और प्रेषक की पहचान के प्रयास जारी हैं।
आजमगढ़ में न्यायिक कार्यवाही स्थगित
आजमगढ़ दीवानी कचहरी को ईमेल के जरिए मिली धमकी के बाद पूरे परिसर को खाली कराकर सभी न्यायिक कार्यवाही अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गईं। एसएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अमरोहा में ईमेल से मिली धमकी
अमरोहा जिला न्यायालय को भेजे गए ईमेल में जज के चैंबर में विस्फोटक रखे होने का दावा किया गया। धमकी के बाद पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता सक्रिय हो गया। परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। फिलहाल जांच जारी है।
अलीगढ़ में मॉक ड्रिल निकली सूचना
अलीगढ़ दीवानी न्यायालय में बम की सूचना से अफरातफरी मच गई। हालांकि बाद में स्पष्ट हुआ कि यह सुरक्षा तैयारियों की जांच के लिए आयोजित मॉक ड्रिल थी। प्रशासन ने इसे नियमित सुरक्षा अभ्यास का हिस्सा बताया।
वाराणसी में सुरक्षा बढ़ाई गई
वाराणसी कचहरी में जजों के चैंबर को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार सुबह से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल ने पूरे परिसर की तलाशी ली। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी भी स्थान से विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस और साइबर टीमें धमकी भरे ईमेल की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।