बदायूं के जंगल में जमुई जैसा मामला, लड़की को घेरकर की छेड़छाड़, वीडियो बनाया; 3 आरोपी गिरफ्तार
बदायूं के उघैती जंगल में प्रेमी युगल को युवकों ने घेरकर मारपीट और किशोरी से छेड़छाड़ की। घटना का वीडियो बनाया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार क...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 25 Sep 2026 03:54:29 PM (IST)Updated Date: Fri, 25 Sep 2026 03:54:29 PM (IST)
बदायूं के जंगल में जमुई जैसा मामला। (फाइल फोटो)HighLights
- उघैती जंगल में प्रेमी युगल को कई युवकों ने घेरा।
- आरोपियों ने युवक से मारपीट और किशोरी से छेड़छाड़ की।
- पूरी घटना का वीडियो आरोपियों ने मोबाइल से बनाया।
डिजिटल डेस्क। बिहार के जमुई जैसी ही एक शर्मनाक वारदात अब उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से सामने आई है। उघैती थाना क्षेत्र के एक जंगल में प्रेमी युगल को घेरकर कुछ दबंगों ने बर्बरता की हदें पार कर दीं।
मनचलों ने जोड़े के साथ बेरहमी से मारपीट की। किशोरी के साथ अश्लील हरकतें करते हुए इस पूरी घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल में कैद कर लिया। मामले की भनक लगते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जंगल में मनचलों ने किया घेराव
- यह खौफनाक वाकया बीते 17 सितंबर का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, प्रेमी-प्रेमिका उघैती इलाके के एक जंगल में मौजूद थे। इसी बीच 8 से 10 की संख्या में स्थानीय युवकों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।
- आरोपियों ने युवक को पीटना शुरू कर दिया और किशोरी के साथ भी छेड़छाड़ की। खौफ के उस माहौल में युवकों ने अपनी इस घिनौनी करतूत का वीडियो भी बनाया। हालांकि, किसी तरह चकमा देकर दोनों पीड़ित वहां से भाग निकलने में कामयाब रहे।
वीडियो ने खोली पोल
डर और बदनामी के चलते शुरुआत में यह पूरा मामला दबा रहा। लेकिन बीते गुरुवार को जब आरोपियों ने दबंगई दिखाते हुए वह वीडियो इलाके के अन्य लोगों को दिखाना शुरू किया, तो बात फैलते-फैलते पुलिस तक पहुंच गई। जैसे ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की, घबराए युवकों ने फौरन अपने मोबाइल से वह वीडियो डिलीट कर दिया।
अहम सुराग जुटाने की कोशिश
- मामले की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई और तीन आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने उनके मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं। अब पुलिस और साइबर टीम उन डिलीट किए गए वीडियो को रिकवर करने की कोशिश कर रही है, जिससे विवेचना के दौरान कोर्ट में इन्हें पुख्ता सबूत के तौर पर पेश किया जा सके।
- पुलिस ने पीड़ित जोड़े को थाने बुलाकर उनका पक्ष जाना और युवक की तहरीर के आधार पर मारपीट व छेड़छाड़ की धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें- कब्जा मुक्त कराएं जमीन, दबंगों को सिखाएं कानूनी सबक: मुख्यमंत्री योगी
एसएसपी ने खुद किया घटनास्थल का मुआयना
- मामला संवेदनशील होने के चलते जिले की एसएसपी अंकिता शर्मा खुद उघैती पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मातहतों को कड़े निर्देश दिए।
- एसएसपी ने बताया कि वारदात 17 सितंबर को हुई थी और अब पीड़ितों के सामने आने के बाद विधिवत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पूरे प्रकरण की बेहद गहराई से जांच की जा रही है, जो भी इस मामले में संलिप्त होगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- योगी सरकार में जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर, ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को दी चेतावनी