उत्तर प्रदेश में युवक को उधार के पैसे मांगना पड़ा भारी, 3 सगे भाइयों ने खेत में पीट-पीटकर मार डाला
मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के कुरथल गांव में उधार के रुपये मांगना एक युवक को भारी पड़ गया।
Publish Date: Sat, 13 Jun 2026 03:44:48 PM (IST)Updated Date: Sat, 13 Jun 2026 03:44:48 PM (IST)
रुपये मांगने पर तीन भाइयों ने युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी( सांकेतिक फोटो)HighLights
- रुपये मांगने पर तीन भाइयों ने युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी
- खेत में शराब पिलाने के बाद लोहे की रॉड और कड़ों से किया हमला
- घटना के विरोध में ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क जाम कर दिया
डिजिटल डेस्क। मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के कुरथल गांव में उधार के रुपये मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि गांव के ही तीन सगे भाइयों ने युवक को घर से बुलाकर खेत में ले गए और वहां उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय अंकित उर्फ भूरा अपने परिवार के साथ खेती-किसानी करता था। शुक्रवार दोपहर गांव निवासी ब्रह्म सिंह उसे घर से अपने साथ ले गया। रास्ते में उसके भाई अरुण और अजय भी साथ हो गए। तीनों आरोपी अंकित को खेतों की ओर ले गए, जहां पहले सभी ने बैठकर शराब पी।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान अंकित ने ब्रह्म सिंह से अपने उधार दिए हुए रुपये वापस मांगे। रुपये को लेकर कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि ब्रह्म सिंह और उसके दोनों भाइयों ने अंकित पर लोहे की रॉड और हाथों में पहने कड़ों से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
खेत में लहूलुहान हालत में पड़े अंकित को ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थिति को शांत कराया
घटना की खबर मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने शव को मेरठ-करनाल हाईवे के कुरथल संपर्क मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।