डिजिटल डेस्क। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से सामने आए ट्रिपल सुसाइड केस ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले में एक के बाद एक कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। शुरुआती जांच में पुलिस को मृतक बहनों के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने अपने पिता से माफी मांगी है।
सुसाइड नोट में लिखा- सॉरी पापा… आई एम रियली सॉरी
पुलिस को लड़कियों के कमरे से एक डायरी बरामद हुई है, जिसमें सुसाइड नोट लिखा मिला। नोट में लिखा है, जिंदगी की सच्ची कहानी (True Life Story), इस डायरी में जो कुछ भी लिखा है, वह सब पढ़ लेना। क्योंकि यह सब सच है। अभी पढ़ो… सॉरी पापा, आई एम रियली सॉरी। नोट में रोते हुए इमोजी भी बनाई गई है।
क्यों उठाया आत्मघाती कदम?
पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें ऑनलाइन कोरियन गेम खेलने की आदी थीं। कोरोना काल के बाद उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी थी और मोबाइल पर ज्यादा समय बिताने लगी थीं। बताया जा रहा है कि तीनों बहनें कोरियन कल्चर, मूवी और वेब सीरीज से भी काफी प्रभावित थीं।
तीनों बहनें हमेशा साथ रहती थीं
जांच के अनुसार, तीनों बहनें ज्यादातर समय एक-दूसरे के साथ ही रहती थीं। इनमें प्राची नाम की बहन को लीडर माना जा रहा है। वह जो भी फैसला लेती थी, बाकी दोनों बहनें उसी का पालन करती थीं।
पिता की दो शादियां, दोनों पत्नियां सगी बहनें
मृतक बहनों के पिता चेतन तीन साल पहले गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित टीला मोड़ क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में परिवार के साथ रहने आए थे। चेतन ने दो शादियां की थीं और खास बात यह है कि दोनों पत्नियां आपस में सगी बहनें हैं।
पहली पत्नी को संतान नहीं होने पर हुई दूसरी शादी
पुलिस जांच में सामने आया है कि चेतन की पहली पत्नी को लंबे समय तक संतान नहीं हुई थी। इसी कारण दोनों पति-पत्नी परेशान रहते थे। बाद में पहली पत्नी की सहमति से चेतन ने अपनी साली, यानी पत्नी की छोटी बहन से दूसरी शादी कर ली।
दूसरी शादी के बाद बदली पारिवारिक स्थिति
दूसरी शादी के बाद दूसरी पत्नी ने बेटी को जन्म दिया। इसके कुछ समय बाद पहली पत्नी भी गर्भवती हो गई और उसने भी एक बेटी को जन्म दिया। बाद में पहली पत्नी से एक बेटा भी हुआ। कुल मिलाकर चेतन की पहली पत्नी से दो बच्चे (एक बेटा, एक बेटी) और दूसरी पत्नी से तीन बेटियां हुईं।
सबसे छोटी साली का भी घर में आना-जाना
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि चेतन की सबसे छोटी साली, जो अविवाहित है, का भी घर में नियमित आना-जाना था। घटना वाली रात वह भी घर में मौजूद थी।
पूजा वाले कमरे की खिड़की से कूदीं तीनों बहनें
जांच में पता चला है कि तीनों बहनों ने पूजा वाले कमरे की खिड़की से छलांग लगाई। उस कमरे की केवल बीच वाली खिड़की ही खुलती थी। बताया गया है कि दो बहनें एक-दूसरे का हाथ पकड़कर कूदीं, जबकि एक बहन ने अकेले छलांग लगाई। गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि पटाखा फूटने जैसा अहसास हुआ, जिससे पिता की नींद खुल गई।
परिजन सदमे में, पोस्टमॉर्टम हाउस नहीं पहुंचे
घटना के बाद से परिजन खुद को कमरे में बंद किए हुए हैं और किसी से बातचीत नहीं कर रहे। तीनों बहनों के शवों को सुबह करीब 11 बजे पोस्टमॉर्टम हाउस लाया गया, लेकिन देर शाम तक कोई भी परिजन वहां नहीं पहुंचा।