
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर जारी तनाव (Afghanistan Pakistan conflic) अब और बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। बुधवार को अफगानिस्तान की तालिबान सेना ने पाकिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में ताजा हवाई हमले किए। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में ISIS के ठिकानों पर हमले किए, जिसमें कई लोगों के घायल होने की खबर है।
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में मौजूद इन आतंकी ठिकानों से अफगानिस्तान के आम नागरिकों पर हमलों की योजना बनाई जा रही थी। मंत्रालय के मुताबिक, कार्रवाई पूरी सटीकता के साथ की गई, जिसमें आतंकियों को भारी नुकसान पहुंचा है। अफगानिस्तान ने यह भी दावा किया कि इस कार्रवाई में किसी भी आम नागरिक की जान नहीं गई।
अफगानिस्तान की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब हाल ही में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के अंदर हवाई हमले किए थे। इन हमलों में कम से कम 28 आम नागरिकों की मौत होने की जानकारी सामने आई थी।
वहीं पाकिस्तान की सेना ने कहा कि उसने सीमा पार से आए चार सामान्य ड्रोनों को मार गिराया है। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भविष्य में ऐसी कोई उकसावे वाली कार्रवाई दोबारा हुई तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा।
गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच पिछले अक्टूबर में युद्धविराम हुआ था, जिसके बाद कुछ समय तक हालात शांत रहे थे। ताजा हमलों के बाद सीमा पर तनाव फिर बढ़ गया है।
इससे पहले इसी साल फरवरी और जून में भी अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच भारी गोलाबारी और हवाई हमले हुए थे। इन घटनाओं में दोनों तरफ के दर्जनों लोग और आतंकी मारे गए थे। लगातार बढ़ती सैन्य गतिविधियों ने दोनों देशों के रिश्तों में एक बार फिर तनाव पैदा कर दिया है।