
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दक्षिणी चीन में कुदरत के कहर और मूसलाधार बारिश से आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। आपदा के इस खौफनाक मंजर के बीच इंसानी जज्बे और अपने परिवार के प्रति बेपनाह प्यार की एक भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। अपने बुजुर्ग माता-पिता की सलामती जानने के लिए एक बेटे ने अपनी जान की परवाह न करते हुए उफनती बाढ़ में 3 घंटे तक तैरकर 10 किलोमीटर का कठिन सफर तय किया।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, चीन के गुआंग्शी ज़ुआंग स्वायत्त क्षेत्र में भारी बारिश और बांध टूटने के कारण आई बाढ़ से करीब 4 लाख लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि दर्जनों लोगों की जान जा चुकी है।
इसी दौरान 'क्विनझोउ' शहर में रहने वाले 30 वर्षीय युवक 'जी' (Xie) को अपनी मां का फोन आया। मां ने घबराते हुए बताया कि उसके 63 वर्षीय पिता कटी हुई धान की फसल को बचाने गए थे, लेकिन बाढ़ का पानी अचानक पहली मंजिल तक भरने और बिजली-नेटवर्क ठप होने के कारण उनका संपर्क टूट गया। पिता के लापता होने की आशंका से जी रात भर सो नहीं सके।
माता-पिता को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए जी ने अपने एक दोस्त की मदद ली। दोनों ने शहर से ट्रक के दो बड़े टायर खरीदे और 6 जुलाई को बाढ़ के तेज बहाव में उतर गए। करीब 10 किलोमीटर लंबे रास्ते में कई जगह उन्हें तैरना पड़ा और अंतिम एक किलोमीटर का सफर उन्होंने पूरी तरह पानी में तैरकर पूरा किया।
जब जी अपने गांव पहुंचे, तो देखा कि बाढ़ के पानी के कारण उनके पिता घर के ऊपरी हिस्से में फंसे हुए थे। अपने बेटे को सही-सलामत सामने देखकर पिता के चेहरे पर पहले तो राहत की मुस्कान आई, लेकिन अगले ही पल उन्होंने थोड़ा सा अनाज बचाने के चक्कर में जान जोखिम में डालने के लिए बेटे को फटकार भी लगाई।
यह भी पढ़ें- सूरत में बनवाया फर्जी हीरा, फिर मुंह में छिपाकर चुराया 1.5 करोड़ का असली डायमंड, सिंगापुर में दो भारतीय युवक गिरफ्तार
इसके बाद जी अपने पिता को एक सुरक्षित संकरे रास्ते से निकालकर पहाड़ी पर बने अपने दूसरे घर ले गए। वहां जब मां ने बेटे को पूरी तरह पानी से सराबोर देखा, तो उनकी आंखों में आंसू आ गए और उन्होंने भी अपने बेटे के इस कदम पर प्यार भरी डांट लगाई।