'जिन्न' का डर दिखाकर शोषण करने वाले भारतीय मूल के इमाम को 20 साल की सजा, पाया गया 21 अपराधों का दोषी
पूर्वी लंदन में धार्मिक नेता के रूप में अपने पद का दुरुपयोग कर महिला श्रद्धालुओं और बच्चियों का यौन शोषण करने वाले भारतीय मूल के इमाम अब्दुल हलीम खान ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 16 May 2026 03:54:00 PM (IST)Updated Date: Sat, 16 May 2026 03:54:00 PM (IST)
'जिन्न' का डर दिखाकर शोषण करने वाले भारतीय मूल के इमाम को 20 साल की सजाHighLights
- लंदन में धार्मिक आस्था की आड़ में घिनौना खेल हुआ है
- महिला श्रद्धालुओं का यौन शोषण करने वाले इमाम को उम्रकैद
- पैरोल के लिए आवेदन करने से पहले 20 साल की जेल काटनी होगी
डिजिटल डेस्क। पूर्वी लंदन में धार्मिक नेता के रूप में अपने पद का दुरुपयोग कर महिला श्रद्धालुओं और बच्चियों का यौन शोषण करने वाले भारतीय मूल के इमाम अब्दुल हलीम खान (54) को स्नेयर्सब्रुक क्राउन कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। जस्टिस लेस्ली कथबर्ट ने आदेश दिया कि खान को पैरोल के लिए आवेदन करने से पहले कम से कम 20 साल की जेल काटनी होगी। उसे वर्ष 2004 से 2015 के बीच सात पीड़ितों के खिलाफ बलात्कार और यौन उत्पीड़न सहित कुल 21 अपराधों का दोषी पाया गया।
टावर हैमलेट्स इलाके में खान का काफी प्रभाव था
मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुसार, टावर हैमलेट्स इलाके में इमाम के रूप में खान का काफी प्रभाव था। उसने बांग्लादेशी मुस्लिम समुदाय की महिलाओं और 12 साल तक की कम उम्र की बच्चियों को अपना शिकार बनाया। खान ने खुद के पास आध्यात्मिक शक्तियां होने का झूठा दावा किया और पीड़ितों को डराया कि उन पर 'जिन्न' या अलौकिक आत्माओं का साया है। उसने उनके गहरे धार्मिक विश्वास का फायदा उठाकर सुनसान जगहों और उनके घरों पर उनका शोषण किया। उसने पीड़ितों को यह कहकर चुप रखा कि यदि वे मुंह खोलेंगी, तो तथाकथित काले जादू से उनके परिवारों को भारी नुकसान पहुंचेगा।
2018 में सामने आया मामला
क्राउन प्रोसैक्यूशन सर्विस (CPS) की विशेषज्ञ अभियोजक मेलिसा गार्नर ने कहा कि खान ने अपनी यौन संतुष्टि के लिए विश्वास का गला घोंटा। यह मामला फरवरी 2018 में तब सामने आया, जब सबसे छोटी पीड़िता ने अपने स्कूल की शिक्षिका के सामने इस घिनौने कृत्य का खुलासा किया।
पुलिस जांच में 50 से अधिक गवाहों के बयान और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इस मजबूत केस को तैयार किया गया। मुकदमे के दौरान ज्यूरी को जिन्न और काले जादू जैसे सांस्कृतिक संदर्भों को समझाने के लिए एक विशेषज्ञ की मदद भी ली गई। हालांकि, खान ने पूछताछ में इन सभी आरोपों को एक साजिश बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया था।