खाली दफ्तर, फर्जी कंपनियां और हजारों छात्र... अमेरिका में OPT वीजा घोटाले का बड़ा खुलासा, भारत से भी निकला कनेक्शन
अमेरिका में विदेशी छात्रों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अमेरिकी एजेंसियों ने ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (OPT) वीजा प्रोग्राम में बड़े स्तर पर कथित ध ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 13 May 2026 04:21:39 PM (IST)Updated Date: Wed, 13 May 2026 04:22:42 PM (IST)
HighLights
- विदेशी छात्रों को नौकरी देने का दावा किया
- फ्लोरिडा समेत कई राज्यों में छापेमारी की गई
- जांच के दौरान शेल कंपनियों का नेटवर्क सामने आया
डिजिटल डेस्क, इंदौर। अमेरिका में विदेशी छात्रों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अमेरिकी एजेंसियों इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) और यूनाइटेड स्टेट्स सिटीजनशिप एंड इमिग्रेशन सर्विसेज (USCIS) ने ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (OPT) वीजा प्रोग्राम में बड़े स्तर पर कथित धोखाधड़ी का खुलासा किया है।
जांच में हजारों विदेशी छात्र और कई संदिग्ध कंपनियां रडार पर आई हैं। ICE के एक्टिंग डायरेक्टर टॉड लायन्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जांच के दौरान अधिकारियों को कई ऐसे दफ्तर मिले जो पूरी तरह खाली थे। कुछ जगहों पर बंद इमारतें, फर्जी ऑफिस और आवासीय मकानों को कंपनी का कार्यस्थल दिखाया गया था।
विदेशी छात्रों को नौकरी देने का दावा किया
इन कंपनियों ने सैकड़ों विदेशी छात्रों को नौकरी देने का दावा किया, जबकि उनके वास्तविक कारोबार का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। लायन्स ने कहा कि OPT प्रोग्राम का उद्देश्य छात्रों को सीमित अवधि के लिए व्यावहारिक कार्य अनुभव देना था, लेकिन अब इसका दुरुपयोग 'अनियंत्रित गेस्ट वर्कर पाइपलाइन' की तरह किया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि टॉप 25 OPT नियोक्ताओं की जांच में 10 हजार से अधिक विदेशी छात्रों की पहचान हुई है, जिनका संबंध संदिग्ध कंपनियों से पाया गया।
फ्लोरिडा समेत कई राज्यों में छापेमारी की गई
जांच एजेंसियों ने टेक्सास, वर्जीनिया, जॉर्जिया, इलिनोइस, न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी, नॉर्थ कैरोलिना और फ्लोरिडा समेत कई राज्यों में छापेमारी की। कई कंपनियां एक ही पते पर रजिस्टर्ड मिलीं, जबकि उन स्थानों पर कोई वास्तविक व्यावसायिक गतिविधि नहीं हो रही थी। कुछ मामलों में किराए तक का भुगतान नहीं किया गया था।
जांच के दौरान शेल कंपनियों का नेटवर्क सामने आया
होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस (HSI) के एग्जीक्यूटिव एसोसिएट डायरेक्टर जॉन कॉनिक के अनुसार, नॉर्थ टेक्सास में 18 वर्क साइट्स की जांच के दौरान शेल कंपनियों का नेटवर्क सामने आया। एक कंपनी ने केवल तीन OPT छात्रों को रोजगार देने का दावा किया था, लेकिन रिकॉर्ड में 500 से ज्यादा छात्र जुड़े मिले।
HR और मैनेजमेंट संचालन भारत से किया जा रहा था
अधिकारियों के मुताबिक कई कंपनियों का HR और मैनेजमेंट संचालन भारत से किया जा रहा था। कुछ कंपनियों ने PO बॉक्स और खाली इमारतों को अपना आधिकारिक बिजनेस एड्रेस बताया। जांच में टैक्स चोरी, संदिग्ध वित्तीय लेन-देन और कानूनी विवादों के संकेत भी मिले हैं। ICE अधिकारियों ने इसे “सुनियोजित अंतरराष्ट्रीय धोखाधड़ी” करार दिया है।
क्या है OPT प्रोग्राम?
USCIS के अनुसार, OPT (Optional Practical Training) F-1 वीजा पर पढ़ाई कर रहे विदेशी छात्रों को दिया जाने वाला अस्थायी रोजगार कार्यक्रम है। इसके तहत छात्र अपनी पढ़ाई से जुड़े क्षेत्र में काम कर सकते हैं। आमतौर पर छात्र कोर्स पूरा होने से पहले या बाद में 12 महीने तक OPT के लिए आवेदन कर सकते हैं।