-1794644453301_v_m.webp)
डिजिटल डेस्क। पिछले दो वर्षों से भारत में रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी को लेकर कूटनीतिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स, विशेषकर बीबीसी बांग्ला के अनुसार, शेख हसीना स्वयं अपने देश लौटना चाहती हैं और नई दिल्ली भी उन्हें वापस भेजने के विकल्प पर गंभीरता से विचार कर रही है।
हालांकि, भारत सरकार ने इसके लिए बांग्लादेश में सत्तारूढ़ तारिक रहमान सरकार के समक्ष दो महत्वपूर्ण शर्तें रखी हैं। इन शर्तों पर सहमति बनने की स्थिति में उनकी वापसी का रास्ता साफ हो सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत चाहता है कि बांग्लादेश की सरकार अपनी पूर्व नेता को वापस ले जाने के लिए आधिकारिक तौर पर एक सैन्य विमान भेजे, ठीक उसी तरह जैसे वे 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेशी वायुसेना के विमान से भारत पहुंची थीं। नई दिल्ली द्वारा रखी गई पहली शर्त यह है कि बांग्लादेश की सेना देश पर सबसे लंबे समय तक शासन करने वाली हसीना को वापस ले जाने की पूरी जिम्मेदारी संभाले और इसके लिए सैन्य विमान की व्यवस्था करे।
दूसरी शर्त के तहत भारत ने ढाका से यह ठोस आश्वासन मांगा है कि हसीना को उनके खिलाफ सुनाई गई मौत की सजा को चुनौती देने का कानूनी अधिकार मिले तथा जुलाई 2024 की हिंसा और हत्याओं के मामलों में उन पर नए सिरे से निष्पक्ष मुकदमा चलाया जाए।
उल्लेखनीय है कि जुलाई 2024 में बांग्लादेश में हुए व्यापक जनआंदोलन और विद्रोह के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई सख्ती के मामले में वहां की एक अदालत ने शेख हसीना को मृत्युदंड की सजा सुनाई है। सत्ता से बेदखल होने के बाद 5 अगस्त 2024 को उन्होंने ढाका छोड़कर भारत में शरण ली थी। अब इस घटनाक्रम के दो साल से अधिक समय बीत जाने के बाद उनकी वापसी की संभावनाओं पर विमर्श हो रहा है।
जानकारों और रिपोर्ट के अनुसार, शेख हसीना का लंबे समय तक भारत में रहना नई दिल्ली के लिए एक संवेदनशील और असहज कूटनीतिक मुद्दा बन चुका है। इससे न केवल पड़ोसी देश बांग्लादेश के साथ द्विपक्षीय संबंध प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी इस विषय को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि भारत की प्रारंभिक प्राथमिकता यह थी कि हसीना किसी तीसरे देश में शरण लें। इसके लिए नई दिल्ली ने कई देशों से संपर्क भी साधा, लेकिन विभिन्न कारणों से वे प्रयास सफल नहीं हो सके। ऐसे में अब भारत सरकार ढाका के साथ सीधे संवाद के जरिए इस मुद्दे का समाधान निकालने का प्रयास कर रही है।
इधर, समाचार एजेंसी रॉयटर्स को दिए एक साक्षात्कार में शेख हसीना ने स्वयं संकेत दिया है कि वे दिसंबर 2026 तक बांग्लादेश लौटने की योजना बना रही हैं, हालांकि उन्होंने किसी निश्चित तारीख का खुलासा नहीं किया है। वापसी से जुड़े खतरों के सवाल पर हसीना ने कहा कि वे संभावित जोखिमों से पूरी तरह अवगत हैं और उन्हें आशंका है कि ढाका पहुंचते ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जा सकता है या उनकी जान को भी खतरा हो सकता है।
उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा की परवाह करना बहुत पहले छोड़ दिया था। हसीना के अनुसार, वे 1981 में सैन्य शासन के दौर में भी स्वदेश लौटी थीं और 2007 में भी सेना समर्थित सरकार द्वारा गिरफ्तारी की आशंका के बावजूद देश वापस आई थीं, जहां उन्होंने जेल और जानलेवा हमलों का सामना किया।
यह भी पढ़ें- Nvidia में जेनसन हुआंग के बाद कौन? नए CEO की दौड़ में मेहरोत्रा समेत 3 भारतीय मूल के चेहरे भी शामिल