अमेरिकी-इजरायली हमले में घायल हुए ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई, पैर में लगी चोट
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई अमेरिकी और इजरायली हमलों के दौरान घायल हो गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक उनके पैर में चोट आई है। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 11 Mar 2026 03:53:36 PM (IST)Updated Date: Wed, 11 Mar 2026 03:53:36 PM (IST)
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेईHighLights
- अमेरिकी-इजरायली हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई घायल
- ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4 के तहत ईरान ने इजरायल पर किए नए हमले
- इजरायल का दावा, ईरान ने दागीं 300 बैलिस्टिक मिसाइलें
डिजिटल डेस्क। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई अमेरिकी और इजरायली हमलों के दौरान घायल हो गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक उनके पैर में चोट आई है। द न्यूयॉर्क टाइम्स ने इजरायली और ईरानी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है। वहीं, न्यूज एजेंसी एएफपी के अनुसार राष्ट्रपति के बेटे ने कहा है कि चोट लगने के बावजूद मोजतबा खामेनेई सुरक्षित हैं और उनकी हालत स्थिर है।
ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4 के तहत नए हमलों की घोषणा
इससे पहले ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिका और इजरायल के हमलों के जवाब में चलाए जा रहे अपने अभियान ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4 के तहत नए हमलों की घोषणा की थी। इसी अभियान के तहत मंगलवार देर रात इजरायल पर बड़े पैमाने पर हमले किए गए।
आईआरजीसी के मुताबिक यह हमला तीन घंटे से अधिक समय तक जारी रहा। इस दौरान कई चरणों में मिसाइलें दागी गईं, जिनमें भारी क्षमता वाली मिसाइलें भी शामिल थीं। वहीं, लेबनान के संगठन हिजबुल्लाह ने भी इजरायल पर हमले किए। अमेरिका और इजरायल की सैन्य कार्रवाई के बाद ईरान ने जवाबी कदम के तौर पर यह अभियान शुरू किया था।
उधर, एक ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने जानकारी दी कि संयुक्त अरब अमीरात के तट के पास एक कंटेनर जहाज को किसी अज्ञात वस्तु ने टक्कर मार दी। यह घटना उस समय हुई जब ईरान खाड़ी क्षेत्र में जवाबी कार्रवाई कर रहा है। एजेंसी के अनुसार यह घटना रास अल खैमाह से करीब 25 नॉटिकल मील उत्तर-पश्चिम में हुई। फिलहाल जांच पूरी होने तक जहाजों को इस इलाके से गुजरते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।