इजरायल के हाइफा में ईरान का मिसाइल हमला, दो लोगों की मौत, कई लापता, इजरायल में बजते रहे सायरन
US-Israel-Iran War News Updates: मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। हाइफा में ईरान द्वारा किए गए मिसाइल हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हो ग ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 06 Apr 2026 10:55:17 AM (IST)Updated Date: Mon, 06 Apr 2026 10:59:05 AM (IST)
HighLights
- ईरान ने इजरायल पर चार मिसाइलें दागीं
- रविवार रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
- रणनीतिक वजह से निशाने पर हाइफा
डिजिटल डेस्क। मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। हाइफा में ईरान द्वारा किए गए मिसाइल हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य अब भी लापता बताए जा रहे हैं। हमले के बाद पूरे मध्य इजरायल में लगातार हवाई हमले के सायरन बजते रहे, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
रविवार को ईरान ने इजरायल पर चार मिसाइलें दागीं। इनमें से एक भारी मिसाइल हाइफा के एक रिहायशी अपार्टमेंट ब्लॉक पर आकर गिरी, जिससे इमारत का बड़ा हिस्सा ढह गया। हादसे के बाद इमारत का बचा हुआ हिस्सा भी अस्थिर हो गया, जिससे राहत और बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण हो गया।
रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
राहत-बचाव दल ने पूरी रात मलबे में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया। सोमवार सुबह तक चले अभियान में दो शव बरामद किए गए, जबकि दो अन्य लोगों की तलाश जारी है। अधिकारियों के अनुसार, हालात को देखते हुए बचाव कार्य में अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है।
लगातार बढ़ता खतरा और सायरन अलर्ट
इजरायली सेना ने ईरान की ओर से और मिसाइलें दागे जाने की आशंका जताई है। इसी के चलते मध्य इजरायल में बार-बार सायरन बजाए जा रहे हैं। सोमवार सुबह भी तीन मिसाइलों का पता लगाया गया, जिनमें से अधिकांश को हवा में ही निष्क्रिय कर दिया गया, जबकि कुछ खुले इलाकों में गिरीं।
रणनीतिक वजह से निशाने पर हाइफा
हाइफा, उत्तरी इजरायल का तीसरा सबसे बड़ा शहर है और भूमध्य सागर के तट पर स्थित एक अहम औद्योगिक व बंदरगाह केंद्र है। माउंट कार्मेल की ढलानों पर बसे इस शहर का रणनीतिक महत्व इसे बार-बार हमलों का निशाना बनाता है। यह क्षेत्र लेबनान सीमा के करीब होने के कारण हिज़्बुल्लाह के रॉकेट हमलों की जद में भी रहता है।
पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है
हमले के दौरान एक और संभावित मिसाइल खतरे को देखते हुए अतिरिक्त अलर्ट जारी किया गया था, जिसे बाद में हटा लिया गया। फिलहाल, पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।