टैक्स बचाने का 'कुत्ता' तरीका... पालतू जानवर से सड़क पर फिंकवाया कचरा, मालिक को लगा लाखों का जुर्माना
इटली के कैटेनिया शहर से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने कचरा फेंकने के टैक्स (Tax) से बचने के लिए अपने पालतू कुत्ते का सहारा लिया। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 26 Feb 2026 03:39:43 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Feb 2026 03:39:43 PM (IST)
पैसे बचाने के लिए कुत्ते को बना दिया कूड़ेवालाHighLights
- टैक्स बचाने के लिए कुत्ते से फिंकवाया कचरा, मालिक पर लगा जुर्माना
- मुंह में कचरे का थैला दबाकर सड़क पर फेंकता दिखा कुत्ता
- पालतू कुत्ते को दी थी अवैध रूप से कचरा ठिकाने लगाने की ट्रेनिंग
डिजिटल डेस्क। इटली के कैटेनिया शहर से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने कचरा फेंकने के टैक्स (Tax) से बचने के लिए अपने पालतू कुत्ते का सहारा लिया। मालिक की यह चालाकी नगरपालिका के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद प्रशासन ने उस पर भारी जुर्माना ठोक दिया।
मुंह में कचरे का थैला दबाकर निकला कुत्ता
शहर के अधिकारियों द्वारा साझा किए गए वीडियो में देखा जा सकता है कि एक पालतू कुत्ता बड़े ही सलीके से अपने मुंह में कचरे का भरा हुआ थैला दबाकर लाता है। वह सड़क के किनारे एक निश्चित जगह पर कचरा छोड़ता है और चुपचाप उसी रास्ते से वापस लौट जाता है जहां से वह आया था।
मालिक ने दी थी 'अवैध' ट्रेनिंग
जब पुलिस और नगरपालिका अधिकारियों ने फुटेज की बारीकी से जांच की, तो वे दंग रह गए। जांच में साफ हुआ कि कुत्ते को उसके मालिक ने जानबूझकर सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकने की विशेष ट्रेनिंग दी थी। मालिक ऐसा इसलिए कर रहा था ताकि उसे कूड़ा फेंकने के लिए तय नगरपालिका शुल्क (Tax) न देना पड़े और वह अधिकारियों की नजरों से भी बचा रहे।
पुलिस की कार्रवाई और भारी जुर्माना
पुलिस ने कुत्ते के पीछे-पीछे जाकर उसके घर और मालिक की पहचान कर ली। मालिक पर न केवल अवैध रूप से कचरा फेंकने का आरोप लगा, बल्कि इस काम में एक बेजुबान जानवर का इस्तेमाल करने के लिए भारी जुर्माना भी लगाया गया है। स्थानीय प्रशासन ने यह वीडियो साझा कर लोगों को चेतावनी दी है कि शहर की स्वच्छता से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।