
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अपनों को खोने के बाद उनकी यादों को संजोकर रखना इंसान के लिए बेहद भावुक अनुभव होता है। जापान की मिजुकी तकाराया और उनके पिता की कहानी भी ऐसी ही है। मां के अचानक निधन के बाद दोनों ने उनके हाथों से बने आखिरी खाने को पांच साल तक फ्रीजर में सुरक्षित रखा। बाद में एक लोकप्रिय टीवी शो की मदद से उस डिश को दोबारा तैयार किया गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मिजुकी तकाराया की मां ने परिवार के लिए बुता नो काकुनी नाम की डिश बनाई थी। खाना तैयार करने के कुछ ही घंटे बाद ब्रेन हैमरेज के कारण उनका अचानक निधन हो गया। परिवार इस घटना से गहरे सदमे में था।
मां की मौत के बाद मिजुकी और उनके पिता उस खाने को न तो खा सके और न ही उसे फेंकने का मन हुआ। उन्होंने उसे फ्रीजर में सुरक्षित रखने का फैसला किया। इसके बाद वह खाना पांच साल तक उनके लिए मां की आखिरी याद और उनकी मौजूदगी का अहसास बना रहा।
पांच साल बाद भी मिजुकी और उनके पिता उस आखिरी निशानी को खोना नहीं चाहते थे। ऐसे में मिजुकी ने जापान के लोकप्रिय टीवी शो 'तांतेई नाइट स्कूप' से मदद मांगी।
शो की टीम ने इस काम के लिए एक यूनिवर्सिटी प्रोफेसर और पेशेवर शेफ की मदद ली। जांच के दौरान खाने में कुछ बैक्टीरिया पाए गए। इसके बाद एक्सपर्ट्स ने हाई हीट प्रेशर कुकिंग की प्रक्रिया के जरिए उस डिश को दोबारा तैयार किया।
जब तैयार की गई डिश मिजुकी और उनके पिता के सामने परोसी गई, तो दोनों भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। दोनों ने बताया कि खाने का स्वाद उन्हें मां के हाथों से बने भोजन जैसा ही महसूस हुआ। पांच साल तक संभालकर रखी गई यह डिश उनके लिए मां की आखिरी याद बन गई।