
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अंतरिक्ष की गहराई में वैज्ञानिकों को एक बेहद अनोखा ऑब्जेक्ट मिला है, जिसने ब्रह्मांड के शुरुआती दौर से जुड़े कई सवालों को फिर चर्चा में ला दिया है। एस्ट्रोनॉमर्स इसे ‘ब्लैक होल स्टार’ के रूप में देख रहे हैं। बाहर से यह किसी विशाल और चमकीले तारे जैसा नजर आता है, लेकिन इसके केंद्र में एक विशाल ब्लैक होल मौजूद बताया गया है।
द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, नासा के जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप ने अंतरिक्ष में बेहद चमकीली और लाल रोशनी वाला एक ऑब्जेक्ट खोजा है। वैज्ञानिकों ने इसका नाम MoM-BH-1 रखा है। देखने में यह सौरमंडल के आकार के किसी विशाल तारे जैसा प्रतीत होता है, लेकिन इसकी असली प्रकृति ब्लैक होल से जुड़ी बताई जा रही है। इससे निकलने वाली ऊर्जा सामान्य तारे की तुलना में लगभग 100 अरब गुना अधिक बताई गई है।
नेचर जर्नल में प्रकाशित रिसर्च के प्रमुख लेखक रोहन नायडू के अनुसार, इस ऑब्जेक्ट के केंद्र में सूर्य से करीब 1,00,000 गुना बड़ा ब्लैक होल मौजूद है। इसके चारों ओर हाइड्रोजन गैस की बेहद घनी और विशाल संरचना बनी हुई है। सामान्य तारों में ऊर्जा न्यूक्लियर फ्यूजन से उत्पन्न होती है, जबकि इस संरचना को केंद्र में मौजूद ब्लैक होल ऊर्जा प्रदान करता है। इसी कारण यह बाहर से चमकीले तारे जैसा दिखाई देता है।
यह भी पढ़ें- 5 साल तक फ्रीजर में ऐसे संभालकर रखा मां के हाथों का बना आखिरी खाना, परोसते ही बाप-बेटी के छलके आंसू
यह खोज ब्रह्मांड के शुरुआती दौर में दिखने वाले रहस्यमयी ‘लिटिल रेड डॉट्स’ को समझने में मदद कर सकती है। जेम्स वेब टेलीस्कोप की तस्वीरों में ऐसे कई छोटे लाल धब्बे दिखाई दिए हैं, जो समय के साथ गायब हो जाते हैं। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इनमें से कुछ इसी तरह के ब्लैक होल स्टार हो सकते हैं। MoM-BH-1 की रोशनी पूरी गैलेक्सी से भी अधिक तेज बताई गई है।