
डिजिटल डेस्क। पाकिस्तान के पेशावर में एक निजी स्कूल की छत ढहने से 28 बच्चों और एक शिक्षिका समेत 29 लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 40 से अधिक घायल हैं।
पाकिस्तान के पेशावर स्थित दीर कॉलोनी में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक निजी स्कूल की छत ढह जाने से 29 लोगों की जान चली गई। मृतकों में 28 मासूम बच्चे और एक महिला शिक्षिका शामिल हैं। जान गंवाने वाले सभी बच्चों की उम्र 13 साल या उससे कम थी। इस भयानक हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
छत गिरने की इस घटना में 40 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं। घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय अस्पताल में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। घायलों की जान बचाने के लिए ट्रॉमा वार्ड में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की अतिरिक्त तैनाती की गई है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस भीषण हादसे पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनाएं जताते हुए कहा कि यह समय उनके लिए बेहद कठिन है। पीएम ने प्रशासन को रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने और घायलों को जल्द से जल्द बेहतरीन इलाज मुहैया कराने के कड़े निर्देश दिए हैं।
खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने भी घटना पर दुख जताते हुए इसे एक बड़ी त्रासदी करार दिया। मासूमों की मौत पर शोक व्यक्त करने के साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घटना की विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है। गवर्नर ने कड़े शब्दों में कहा है कि हादसे के असली कारणों का जल्द से जल्द पता लगाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
यह भी पढ़ें- आजादी के बाद पहली बार बदलेगा पाकिस्तान का नक्शा! आसिम मुनीर का बड़ा खेल, पंजाब-सिंध निशाने पर