'आगरा को आग लगाएंगे, दिल्ली को दहलाएंगे', पाकिस्तानी आतंकी नकवी की भारत को खुली धमकी
सीमा पार बैठे आतंकियों की बौखलाहट एक बार फिर सामने आई है। लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष आतंकी सैयद अब्दुल रहमान नकवी ने भारत के प्रमुख शहरों दिल्ली, आगरा और ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 07 Feb 2026 10:38:15 AM (IST)Updated Date: Sat, 07 Feb 2026 10:38:15 AM (IST)
पाकिस्तानी आतंकी नकवी की भारत को खुली धमकीHighLights
- लश्कर आतंकी नकवी ने दिल्ली, आगरा और दक्कन को दहलाने की धमकी दी
- पाकिस्तान में आयोजित रैलियों में सरेआम भारत विरोधी जहर उगल रहे आतंकी
- हाफिज सईद के बेटे तल्हा का करीबी है धमकी देने वाला सैयद अब्दुल नकवी
डिजिटल डेस्क। सीमा पार बैठे आतंकियों की बौखलाहट एक बार फिर सामने आई है। लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष आतंकी सैयद अब्दुल रहमान नकवी ने भारत के प्रमुख शहरों दिल्ली, आगरा और दक्कन पर हमले की खुली धमकी दी है। आतंकियों की यह 'गीदड़भभकी' पाकिस्तान में सरेआम आयोजित की गई रैलियों के दौरान दी गई, जो पड़ोसी देश में फल-फूल रहे आतंकी ढांचे की पोल खोलती है।
'कश्मीर सॉलिडैरिटी डे' के बहाने उबला जहर
हाल ही में पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में तथाकथित 'कश्मीर सॉलिडैरिटी डे' के अवसर पर जैश-ए-मुहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे संगठनों ने सार्वजनिक रैलियां कीं। इन रैलियों का इस्तेमाल भारत के खिलाफ नफरत फैलाने और भड़काऊ बयानबाजी के लिए किया गया। इसी दौरान आतंकी सैयद अब्दुल रहमान नकवी ने भारत के महानगरों को निशाना बनाने का दावा किया।
आतंकी नकवी का विवादित और भड़काऊ बयान
आतंकी सैयद अब्दुल ने मरकजी मुस्लिम लीग के मंच से जहर उगलते हुए कहा, "कश्मीर को आजाद कराने का जिम्मा हमारा है। हमें अपने बुजुर्गों की वसीयतें याद हैं, जिन्होंने कहा था कि हम अखंड भारत को खंड-खंड कर देंगे। हम आगरा को आग लगाएंगे, हम दक्कन को दहकाएंगे, हम दिल्ली को दहलाएंगे। इंशाअल्लाह, हम उन वसीयतों पर आज भी कायम हैं।"
कौन है सैयद अब्दुल रहमान नकवी?
सैयद अब्दुल रहमान नकवी लश्कर-ए-तैयबा के मुखौटा संगठन 'मिल्ली मुस्लिम लीग' का प्रमुख चेहरा है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, नकवी वैश्विक आतंकी हाफिज सईद के बेटे तल्हा सईद का बेहद करीबी सहयोगी है। पाकिस्तान में इसे राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसकी आड़ में यह भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रचता रहता है।