डिजिटल डेस्क। फ्रांस की राजधानी पेरिस एक बार फिर यौन हिंसा की चपेट में आ गई है। एपिल टॉवर के पास एक यूक्रेनी महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म की घटना ने सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना देर रात शां द मार्स पार्क क्षेत्र में हुई, जहां महिला पर चाकू की नोक पर झाड़ियों में खींचकर दुष्कर्म किया गया।
स्थानीय अखबार ले पेरिसियन के मुताबिक यूक्रेन से आई महिला अपने दोस्त के साथ पेरिस घूम रही थी। वह शौचालय जाने के लिए थोड़ी देर के लिए अलग हुई। इस दौरान एक संदिग्ध युवक ने उसे धमकाकर झाड़ियों में खींच लिया। महिला की चीखें सुनकर नजदीक गश्त कर रही पुलिस मौके पर पहुंची। उसने आरोपी को हिरासत में लेकर महिला को बचाया।
एफिल टॉवर और उसके आसपास का इलाका पिछले कुछ वर्षों से यौन अपराधों को लेकर चर्चा में रहा है। 2023 में यहां 27 वर्षीय मैक्सिकन महिला और उसके बाद में 23 वर्षीय ब्रिटिश पुलिस अधिकारी ने बलात्कार की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस आंकड़ों के अनुसार 2024 में शां द मार्स क्षेत्र में बलात्कार का एक मामला दर्ज हुआ। 2023 में पांच मामले सामने आए थे। 2024 में यौन उत्पीड़न के सात मामले दर्ज किए गए, जो 2023 के नौ मामलों से थोड़े कम हैं।
पेरिस के 7वें arrondissement की मेयर रचिदा दाती पहले भी इस इलाके की सुरक्षा को लेकर चेतावनी दे चुकी हैं। उनका कहना है कि पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए और ठोस कदम उठाने की जरूरत है।