
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका में आगामी मध्यावधि चुनावों के मद्देनजर राजनीतिक माहौल गर्माया हुआ है। इस बीच भारतीय-अमेरिकी समुदाय और उनकी धार्मिक आस्था बहस के केंद्र में आ गए हैं। विवाद की मुख्य वजह टेक्सस के Sugar Land स्थित अष्टलक्ष्मी मंदिर में स्थापित भगवान हनुमान की 90 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा ('स्टैच्यू ऑफ यूनियन') बनी, जिसे गिराने की धमकी एक रूढ़िवादी अमेरिकी यूट्यूबर ने दी है।
अगस्त 2024 में प्राण-प्रतिष्ठा के बाद से ही यह प्रतिमा कुछ कट्टरपंथी समूहों के निशाने पर रही है, लेकिन हालिया बयानबाजी ने इसे सीधे तौर पर नस्लभेद और धार्मिक असहिष्णुता का रूप दे दिया है।
'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' (MAGA) अभियान से जुड़े यूट्यूबर जेसी ह्यूजेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हनुमान जी की प्रतिमा की तस्वीर साझा करते हुए विवादित टिप्पणी की। उसने लिखा कि चुनाव में जीत हासिल करने के बाद वे इस प्रतिमा को ध्वस्त कर देंगे। इस बयान के सामने आते ही अमेरिका में रहने वाले भारतीय-अमेरिकी नागरिकों और हिंदू संगठनों में भारी रोष फैल गया। अमेरिकी सेना के पूर्व सैनिक रुचिर बख्शी ने इस टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे देशद्रोही सोच और हिंदू धर्म के अस्तित्व पर सीधा हमला करार दिया।
पूर्व सैनिक रुचिर बख्शी ने नफरती बयानबाजी पर हमला बोलते हुए कहा कि किसी अन्य समुदाय के आस्था स्थल को सिर्फ इसलिए निशाना बनाना क्योंकि आप उनके विचारों से सहमत नहीं हैं, बेहद खतरनाक है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि चुनाव जीतने का अर्थ हिंदू मंदिरों को नुकसान पहुंचाना है, तो यह उस अमेरिका की भावना के बिल्कुल विपरीत है जिसकी रक्षा के लिए उन्होंने सेना में सेवा दी है। उनके इस रुख का 'कोलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका' (CoHNA) और राजनीतिक विश्लेषक व पूर्व सैनिक कार्ल व्हेलेस ने भी पुरजोर समर्थन किया।

टेक्सास लंबे समय से रिपब्लिकन पार्टी का मजबूत गढ़ रहा है, जहां 5 लाख से अधिक भारतीय-अमेरिकी निवास करते हैं। राष्ट्रपति चुनाव और स्थानीय अभियानों के दौरान प्रवासियों तथा अल्पसंख्यकों के खिलाफ बयानबाजी तेज हुई है। हाल ही में रिपब्लिकन नेता बो फ्रेंच द्वारा यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास के छात्रों पर की गई नस्लवादी टिप्पणी की भी तीखी आलोचना हुई थी। रिपब्लिकन सीनेटर जॉन कॉर्निन और डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफ्रीज ने भी इस तरह की बढ़ती असहिष्णुता और नफरती भाषा पर चिंता व्यक्त की है।
यह भी पढ़ें- 20 दिन के नवजात को पॉलिथीन में लेकर घूम रहा था नशेड़ी बाप, थैली फटने से गिरा बच्चा, हालत गंभीर